बीकानेर में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 1.38 करोड़ की ठगी, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 1.38 करोड़ की ठगी, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

बीकानेर, दैनिक खबरां । बीकानेर में सरकारी नौकरी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में शुक्रवार को माननीय न्यायालय अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-3, बीकानेर ने परिवादी की अर्जी पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

मामले के अनुसार, परिवादी रवि प्रकाश पुत्र मुन्नालाल, निवासी शिवबाड़ी, बीकानेर ने अपने अधिवक्ता कमलचंद जनागल के माध्यम से इस्तगासा पेश किया था। इसमें आरोप लगाया गया कि जय गणेश सोनी, उसकी पत्नी सीमा सोनी, ओमप्रकाश सोनी, मनोज सोनी और लोकेश सोनी ने मिलकर सरकारी नौकरियों में भर्ती करवाने का लालच देकर परिवादी और उसके परिचितों से लगभग 1 करोड़ 38 लाख रुपये हड़प लिए।

मित्र के माध्यम से हुआ था परिचय
परिवादी ने बताया कि जुलाई 2023 में उसके मित्र मनोज सोनी के जरिए उसकी मुलाकात जय गणेश सोनी से हुई। मनोज ने बताया कि जय गणेश की “बड़े अधिकारियों में उठ-बैठ” है और वह लोगों को सरकारी नौकरियों में लगवा देता है। इसी भरोसे में रवि प्रकाश और उसके रिश्तेदारों से रुपये लिए गए।

सरकारी नियुक्तियों का झांसा
आरोप है कि अभियुक्तों ने सफाई कर्मचारी भर्ती और एलडीसी भर्ती 2018 में नियुक्ति दिलाने का झांसा दिया। पहले कुछ नकली नियुक्ति पत्र दिखाए गए, फिर फॉर्म भरवाकर और दस्तावेज लेकर किस्तों में मोटी रकम वसूली गई। एक बार में 22 लाख, फिर 11 लाख, बाद में 18 लाख और कई बार ट्रांजेक्शन कर कुल राशि 1.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। कई भुगतानों का विवरण आईसीआईसीआई बैंक और फोनपे ट्रांसफर से जुड़ा बताया गया है।

भर्ती का वादा टूटा, फोन बंद

जब नियुक्ति पत्र नहीं मिले तो परिवादी ने बार-बार संपर्क किया, पर अभियुक्त जय गणेश और उसके साथियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में पता चला कि उनके खिलाफ पहले से भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो कथित रूप से उन्होंने कहा – “जो करना है कर लो, ठगना था ठग लिया।” परिवादी की रिपोर्ट पर एसीजेएम कोर्ट संख्या 3 बीकानेर ने मामले को गंभीर पाते हुए विभिन्न धाराओं के तहत जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस को एफआईआर दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं।