ग्रामीणों की सतर्कता ने बिगाड़ी शिकारियों की साजिश, जाल व हथियारों सहित तीन गिरफ्तार,देखें वीडियो

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

ग्रामीणों की सतर्कता ने बिगाड़ी शिकारियों की साजिश, जाल व हथियारों सहित तीन गिरफ्तार,देखें वीडियो

दैनिक खबरां, बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के सींथल इलाके में गुरुवार देर शाम ग्रामीणों की सतर्कता और समझदारी से एक बड़ी शिकारी वारदात टल गई। ग्रामीणों की तत्परता से वन्यजीवों की जान बच गई और तीन शिकारियों को जाल बिछाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, सींथल निवासी कैलाश कुम्हार रोजाना ऊंटगाड़ी से हिंगलाज माता मंदिर के पास बनी खेळी में पानी डालने जाते हैं। गुरुवार शाम जब वे वहां पहुंचे तो उन्होंने तीन युवकों को संदिग्ध रूप से जाल बिछाते देखा। शक होने पर उन्होंने तुरंत सरपंच प्रतिनिधि एवं एडवोकेट गणेशदान बिठू को सूचना दी।

गणेशदान बिठू मौके पर पहुंचे और स्थिति को गंभीर समझते हुए वन विभाग और नापासर पुलिस को सूचना दी। उनकी तत्परता से कुछ ही देर में सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी महेश जाखड़, सहायक वनपाल सुरेंद्र कुमार, और नापासर थाना हेड कांस्टेबल मूलाराम के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त कार्रवाई में तीनों शिकारियों को गिरफ्तार किया गया।


मौके से भारी मात्रा में जाल और हथियार बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी अनिल कुमार बाल्मीकि (18), पंकज कुमार बाल्मीकि (21) और गुलाबचंद उर्फ कालू (20) निवासी बाल्मीकि बस्ती, मोमासर बास, श्रीडूंगरगढ़ के रहने वाले हैं। तीनों को हिरासत में लेकर वन विभाग कार्यालय बीकानेर में पूछताछ के लिए भेजा गया है। इस दौरान वन्यजीव प्रेमी रामगोपाल विश्नोई, हरिराम खीचड़, ओमप्रकाश नाई, कमल पंचारिया, श्याम सुंदर स्वामी सहित अनेक ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। एडवोकेट गणेशदान बिठू ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज का भी नैतिक कर्तव्य है। सींथल के ग्रामीणों ने साबित किया है कि एकजुटता और संवेदनशीलता से कोई भी अपराध रोका जा सकता है।