सीथल गांव में सास बहू को जलाने का प्रयास, देवर ने 22 से ज्यादा लोगों के साथ मिलकर की मारपीट, बच्चों को भी घर में बंद कर लगा दी आग….

झूझूनू देश पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

जमीनी विवाद में सास बहू को जलाने का प्रयास, 10 बीघा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद, देवर ने 22 से ज्यादा लोगों के साथ मिलकर की मारपीट, बच्चों को भी घर में बंद कर लगा दी आग

गुढ़ागौड़जी/झुंझुनूं, @dainikkhabraan। झुंझुनूं के गुढागौड़जी थाना इलाके के सीथल गांव में जमीनी विवाद के चलते देवर ने अपनी भाभी और बहू को घर में बंद कर आग लगा दी।

घटना के दौरान उनके साथ दो बच्चे भी थे। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया और उन्हें बाहर निकाला। इससे पहले देवर अपने 22 से ज्यादा साथियों को लेकर उनके घर पहुंचा और दोनों के साथ मारपीट कर दी। यहां तक की खेत में ग्वार की फसल पर भी ट्रेक्टर चला दिए। इसके बाद दोनों को घर में बंद कर छप्पर पर आग लगा दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित महिला की ओर से थाने में देवर और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

गुढागौड़जी थानाधिकारी देवी सिंह ने बताया कि सीथल गांव निवासी भगवती देवी ने रिपोर्ट देकर बताया कि वह अपनी बहू सुनीता और 5 व 7 साल के पोतों के साथ रहती है।

पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। वहीं एक बेटे विकास की भी जान चली गई थी। दोनों की मौत के बाद से 10 बीघा खेत की जमीन को लेकर भगवती देवी और देवर आनंद के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद इतना बढ़ गया कि देवर आनंद शुक्रवार देर रात 10 गाड़ियों में करीब 22 से ज्यादा साथियों को लेकर उनके घर पहुंचा और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की।

इस दौरान वहां पहुंचते ही उसने भगवती देवी और बहू सुनीता के साथ मारपीट शुरू कर दी। यहां तक कि खेत में अवैध निर्माण भी शुरू कर दिया। इसके साथ ही खेत में खड़ी ग्वार की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर उसे नष्ट कर दिया।

ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। बदमाशों को जैसे ही पुलिस के आने की भनक लगी तो सास-बहू को बच्चों के साथ घर में बंद कर छप्पर पर आग लगा दी और फरार हो गए।

इस पर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकला। पुलिस ने भगवती देवी की शिकायत पर नामजद मामला दर्ज किया है और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।