जयपुर, @dainikkhabraan। अनलॉक-3 की गाइडलाइन के तहत राजस्थान में 1 जुलाई से शादी समारोह में 40 लोगों के शामिल होने की छूट होगी लेकिन अन्य बंदिशें बरकरार रहेंगी। इनमें डीजे, बारात निकासी और प्रीतिभोज पर रोक शामिल हैं। इन बंदिशों को पहले 30 जून तक जारी रखा गया था। लेकिन उसके बाद 30 जून को इस संबंध में कोई नया आदेश सरकार की ओर से जारी नहीं किया गया है।
इससे माना जा रहा है गहलोत सरकार अभी कोई रिस्क नहीं उठाना चाहती है। इसलिये पुराने आदेशों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अभी पुराने आदेश ही लागू रहेंगे। इसके पीछे वजह प्रदेश में पिछले दिनों कोरोना का पाया गया डेल्टा प्लस वैरियंट को भी माना जा रहा है।
गृह विभाग की ओर से पिछले दिनों जारी की गई अनलॉक-3 की गाइडलाइन में 1 जुलाई से शादी समारोह में शामिल होने वाले लोगों की संख्या में कुछ छूट दी गई थीं। इसमें में शादी में 11 लोगों की संख्या की बाध्यता को हटा दिया गया था। अब शादी में समारोह में 40 लोग तक शामिल हो सकेंगे। इनमें आयोजनकर्ता के परिवार और अतिथियों की संख्या 25 कर दी गई है। इनके साथ ही 10 बैंड बाजे वाले और 5 अन्य को शादी समारोह में शामिल होने की छूट दी गई है।
इसके साथ ही अनलॉक-3 के तहत 1 जुलाई से मैरिज गार्डन, मैरिज हॉल्स और होटल परिसरों में शादियों करने की भी अनुमति दे दी थीं। शादी समारोह शाम 4 बजे तक ही आयोजित करने की अनुमति है।
19 जुलाई तक हैं शादियों के मुहूर्त
हिंदू रीति रिवाज के अनुसार अभी 19 जुलाई तक ही शादियों के मुहूर्त हैं। ऐसे में केवल 16 दिन बचे हैं। उसके बाद 4 महीने लग्न नहीं होने से शादी समारोह नहीं होंगे। इसलिये वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े कोराबारी सरकार से अनलॉक-3 में छूट के दायरे को और बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इन व्यावसायियों ने इसको लेकर हाल ही में जयपुर सहित अन्य जिलों में बड़ा और अनोखे प्रदर्शन भी किया था। कारोबारियों का कहना है कि अब कोरोना का खतरा कम हो गया है। ऐसे में विवाह समारोहों पर लगी पाबंदियां हटाई जायें।

