रेप में असफल हुआ तो युवती की आंख फोड़ी, 7 दिन बाद होनी थी शादी, अश्लील वीडियो भेजकर कई बार कर चुका था दुष्कर्म…..

अलवर पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

रेप में असफल हुआ तो युवती की आंख फोड़ी,7 दिन बाद होनी थी शादी, अश्लील वीडियो भेजकर कई बार कर चुका था दुष्कर्म

अलवर, @dainikkhabraan। अलवर के एक गांव में शुक्रवार की रात युवती से रेप करने में असफल हुए युवक ने उसकी आंख फोड़ दी। परिजन उसे अस्पताल लाए। जहां से उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टर का दावा है कि युवती के आंख की रोशनी जाने का पूरा खतरा है। बताया जा रहा है कि युवती के पिता ने आरोपी के खिलाफ 7 दिन पहले ही रेप का मामला दर्ज करवा दिया था। युवती की सात दिन बाद शादी होनी थी।

युवती की मां ने बताया कि आरोपी हरियाणा निवासी हरिओम (21) करीब एक साल पहले पलवल से आते समय बस में मिला था। बस में बातचीत की। तब उसने मोबाइल नंबर ले लिया था। इसके बाद वह युवती से बातचीत करने लगा। एक बार युवती को किसी बहाने से अपने साथ ले गया। बाहर के होटल में उसने उसे कुछ नशीला पिला कर दुष्कर्म किया। इसका वीडियो भी बना लिया, फिर बार-बार युवती को मन चाहे जहां बुलाने का दबाव बनाता रहा।युवती के मना करने पर उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देने लगा। ऐसा कई बार हो चुका था।

अश्लील वीडियो भेज धमकी देता
आरोपी युवक मोबाइल पर युवती को रेप के अश्लील वीडियो भेजकर शेयर करने की धमकी देता। इसके साथ ही धमकी देता रहा है कि उसके बुलाने पर नहीं आई तो वीडियो को वायरल कर देगा। यह बात परिवार को पता लगी। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को शिकायत दी। परिजनों का कहना है कि पहली बार में नौगांवा पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इसके बाद इस्तगासा के जरिए रिपोर्ट दर्ज कराई गई। परिवार के लोग पुलिस के उच्च अधिकारियों से भी मिल चुके हैं।