मां के सामने चली गई बेटे की जान,दो बाइक की भिड़ंत के बाद मां बेटे को गोद में लेकर रोती रही, लोग वीडियो बनाते रहे….
बाड़मेर, @dainikkhabraan। बाड़मेर जिले के बालोतरा इलाके में सड़क हादसे में दो बाइक की आपस में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद घायल रोड पर करीब आधे घंटे तक तड़पते रहे। इसमें एक युवक की तड़पते हुए मौत हो गई। इसका एक वीडियो सामने आया। जिसमें मां अपने लहूलुहान बेटे को गोद में लेकर रो रही है और मदद की गुहार लगा रही है, लेकिन किसी ने घायलों को संभालने की हिम्मत नहीं दिखाई।
इस दौरान आसपास चलने वाले लोग रुक रहे थे, वीडियो और फोटो बना रहे थे, लेकिन किसी ने घायलों को अस्पताल नहीं पहुंचाया। वहां खड़े लोग अगर तुंरत युवक को अस्पताल ले जाते थे तो शायद जान बच जाती।
दरअसल, बालोतरा उपखंड के बिठुजा-आसोतरा मार्ग पर शुक्रवार देर शाम को युवक और उसकी मां बाइक पर अपने गांव असाड़ा से कितनोद की ओर जा रहे थे। आसोतरा की तरफ से आ रही बाइक की बिठुजा-आसोतरा मार्ग पर जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इसमें असाड़ा निवासी महेंद्र (21) की मौत हो गई। वहीं महेंद्र की मां कमला और एक घायल हो गया।
सड़क हादसे के बाद वहां के लोगों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया। करीब आंधे घंटे तक तीनों रोड पर तड़पते रहे। सभी लोग 108 एंबुलेंस आने का इंतजार करते रहे। एंबुलेंस को पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। एंबुलेंस के पायलट ओमप्रकाश माली और ईएमटी गोपाल सोलंकी तीनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे। इस बीच रास्ते में 21 वर्षीय युवक महेंद्र ने दम तोड़ दिया।
एंबुलेंस का पायलट बोला- हम सूचना मिलते ही रवाना हो गए थे
एंबुलेंस के पायलट ओमप्रकाश गहलोत के मुताबिक सूचना मिलते ही अब बालोतरा से एंबुलेंस लेकर रवाना हो गए। हमें घटनास्थल पहुंचने में 20-30 मिनट लग गए। जब पहुंचे तब तक महेंद्र की सांसें चल रही थीं, लेकिन एंबुलेंस में बैठाने के 5-7 मिनट बाद घायल महेंद्र की मौत हो गई।
बालोतरा थानाधिकारी बाबूलाल रेंगर के मुताबिक 108 एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल ले जाने के बाद सूचना मिली थी। तुरंत ही एक टीम को घटनास्थल और एक टीम को अस्पताल भेजा। इसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक की मां और अन्य घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वीडियो आए सामने
सड़क हादसे के बाद के दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। इसमें सड़क पर दो बाइक की भिड़ंत हुई है। बाइक के पास एक घायल तड़प रहा है। वहीं मां अपने लहूलुहान बेटे को गोद में लेकर रो-रो रही है और मदद करने का बोल रही है। इसके पास से गाड़ियां निकल रही हैं और कई गाड़ियां खड़ी भी हैं, लेकिन किसी ने मदद नहीं की।

