नोखा: डेल्टा मेघवाल हत्याकांड में तीनों आरोपियों को माना गया दोषी
नोखा/बीकानेर, @dainikkhabraan। बीकानेर जिले के नोखा के बहुचर्चित डेल्टा हत्याकांड के तीनों आरोपियों को शुक्रवार को पॉक्सो कोर्ट ने दोषी माना है। पांच साल से अधिक पुराने इस प्रकरण के तीनों दोषियों को सोमवार को कोर्ट की ओर दण्डादेश सुनाए जाएंगे।
इस प्रकरण के होने से आज तक परिवादी की ओर से पैरवी करने वाले एडवोकेट बरजंग छींपा ने बताया कि पॉस्को कोर्ट बीकानेर ने निजी कॉलेज के तत्कालीन पीटीआई विजेन्द्रसिंह, कॉलेज प्राचार्य प्रज्ञाप्रतीक शुक्ला और हॉस्टल वार्डन प्रिया शुक्ला पर लगे सभी आरोपों में दोषी माना है। अब सोमवार को तीनों दोषियों को कोर्ट की ओर से दण्डादेश सुनाया जाएगा।
इस प्रकरण में परिवादी की ओर से ही एडवोकेट अनवर सैयद ओर एडवोकेट मनोज भार्गव भी पैरवी कर रहे थे।
एडवोकेट छींपा ने बताया कि डेल्टा नोखा की निजी कॉलेज में बीएसटीसी की छात्रा थी। 28 मार्च 2016 को नोखा के एक निजी कॉलेज स्थित पानी की टंकी में डेल्टा का शव मिला था। बाड़मेर के गडरा क्षेत्र निवासी डेल्टा के पिता ने नोखा थाने में रिपोर्ट दी थी।

