4 साल की बच्ची से रेप, पिता ने मिलने आया था दोस्त, दुकान में अकेला पाकर किया दुष्कर्म, दर्द से कराहते बच्ची को छोड़ भागा, 15 मिनट में दुष्कर्मी को किया गिरफ्तार
गोगामेड़ी/भादरा/हनुमानगढ़, @dainikkhabraan। नवरात्रि पर्व पर लोग जहां बच्चियों की पूजा देवी के रूप में करते है। वहीं, हनुमानगढ़ जिले में 33 वर्षीय युवक ने मानवता को ताक पर रखते हुए गुरुवार को 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 15 मिनट के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली इस लिहाज से भी बेहतर रही और शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गोगामेड़ी थाना पुलिस ने सारी कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेसी भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में रहने वाली 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया गया। आरोपी देवीलाल गुरुवार दोपहर उसके पिता की दुकान पर आया हुआ था। चार साल की बच्ची दुकान में खेल रही थी। इसी दौरान पिता रुपए खुल्ले करवाने के लिए उसे बैठाकर कुछ देर की कहकर चला गया। इसी बीच आरोपी ने दुकान में बच्ची को अकेला पाकर दुष्कर्म किया।
बच्ची के पिता के वापस आने पर आरोपी मौके से भाग निकला। पिता ने बच्ची को दर्द से कराहते देखा तो उसने पुलिस को सूचना दी।
थानाधिकारी बिशन सहाय ने बताया कि सूचना मिलने के दस मिनट के भीतर ही टीम सहित मौके पर पहुंच गए। एक महिला कांस्टेबल को बुलाकर बच्ची का हॉस्पिटल में इलाज के लिए भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मेडिकल बोर्ड गठित करवाकर बच्ची का मेडिकल मुआयना करवा दिया। उधर, आरोपी को पकड़ने के लिए भी टीम रवाना की गई और सिर्फ 15 मिनट के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाधिकारी ने बताया कि सीओ सुनील झाझड़िया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई पूरी कर ली। इसके अलावा पीड़िता मासूम बच्ची व उसके पिता के 164 सीआरपीसी के ब्यान दर्ज करवाने की कार्रवाई भी पूरी की गई।
थानाधिकारी बिशन सहाय ने बताया कि मेडीकल बोर्ड की ओर से जब्त किए गए सभी सुबूत एफएसएल से जांच के लिए भिजवाए गए है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भिजवाया गया है।

