बीकानेर: मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना में फ्री इलाज ले रहे सरदारशहर के रोगी से बीकानेर के प्रतिष्ठित प्राइवेट अस्पताल ने वसूले 8 हजार रुपए…..
बीकानेर, @dainikkhabraan। सरकारी खर्च पर प्राइवेट हॉस्पिटल्स में इलाज के बाद भी अतिरिक्त फीस वसूली करने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अधिकारियों ने बीकानेर के एक प्राइवेट अस्पताल में पहुंचकर छानबीन की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। यहां एक रोगी से कुछ दिन पहले ही फ्री इलाज के बावजूद आठ हजार रुपए वसूल लिए थे। बाद में ये राशि रोगी को वापस दिलाई गई।
दरअसल, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के जाइंट सीईओ सौरभ स्वामी ने डॉक्टर तनवीर मालावत अस्पताल पहुंचे। यहां भर्ती एक रोगी का इलाज योजना के तहत फ्री हो रहा है। इसके बाद भी उससे आठ हजार रुपए वसूले गए थे।
डीटीएम अस्पताल के सीसीयू में भर्ती सरदारशहर के इस रोगी की हृदय रोग से संबंधित एनजिओप्लास्टी फ्री की गई थी। भर्ती होने से चार दिवस पहले शुरुआती जांच के लिए 8000 रुपए व्यय हुए थे। जेसीईओ स्वामी ने बताया कि योजना के अंतर्गत भर्ती होने के 5 दिन पहले तथा 15 दिन बाद तक के सभी व्यय भी निशुल्क व कैशलेस शामिल है।
इस प्रकार प्रबंधन से बात कर लाभार्थी को तत्काल 8000 रुपए गलत लिए गए। ये राशि रोगी को वापस दिलवाई गई। एम.एन. अस्पताल में दो रोगियों के नाम तो रिकार्ड में दर्ज थे लेकिन दोनों रोगी अस्पताल में नहीं थे। इन भर्ती रोगियों के नदारद होने पर जांच शुरू करने के आदेश दिए गए।
जेसीईओ सौरभ स्वामी ने अधिकाधिक आमजन को मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ देने के लिए व्यवस्था को सुगम व सुलभ बनाने के लिए योजना से सम्बन्धित आईईसी व ब्रांडिंग को निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार करवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण दल में शामिल योजना के संभाग नोडल अधिकारी नवल किशोर व्यास, कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि वर्धन आजाद व डॉ आयुष वर्मा ने भर्ती रहकर इलाज ले रहे प्रत्येक मरीज की फाइल खंगाली। प्रत्येक लाभार्थी से गहन पूछताछ की और उपस्थित आमजन को योजना की जानकारी भी दी।
कलक्टर को हकीकत बताई
इस दल ने दोनों अस्पतालों के बारे में जिला कलेक्टर नमित मेहता को रिपोर्ट दी। मेहता ने लापरवाही करने अथवा योग्य को सेवा निशुल्क ना देने वाले निजी अस्पतालों पर पेनल्टी चार्ज करने की बात कही। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ ओपी चाहर, योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ लोकेश गुप्ता व जिला आईईसी समन्वयक मालकोश आचार्य मौजूद रहे।

