थानेदार के सामने ही पत्नी को धमकी:पारिवारिक विवाद निपटाने के लिए थाने पहुंचे युवक ने थाने में ही पत्नी को जान से मारने की धमकी दी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर, @dainikkhabraan। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ थाने में एक मामला सामने आया, जब थानेदार के सामने ही पति अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी देने लगा। पुलिस ने फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य मामले में एक जेठ अपने छोटे भाई की पत्नी पर हमला करने लगा तो उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अब अदालत में पेश किया जाएगा।
श्रीडूंगरगढ़ थाने में पत्नी ने पति के खिलाफ शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पति ने थानेदार के सामने ही पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलौच करने लगा। इस पर थानेदार ने पति को काफी समझाया लेकिन वो नहीं माना। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि ज्योति देवी ने अपने पति हेंमत के खिलाफ परिवाद दी थी। जिसमें पूछताछ के लिए हेंमत को थाने बुलाया गया। हेंमत पत्नी ज्योति को देख कर आगबबूला हो गया व आपा खोते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। इस पर हेंमत को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जेठ कर रहा मारपीट
एक अन्य मामले में महिला से उसके जेठ ने गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव के बाद भी शांत नहीं होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार रात गांव लाधड़िया में कलावती ने कंट्रोल रूम फोन कर पुलिस बुलाई। एएसआई पूर्णमल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां ग्रामीणों की भीड़ लगी थी। मौके पर महिला कलावती का जेठ नंदलाल उससे गाली गलौच करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। पुलिस द्वारा समझाईश करने पर वह नहीं माना तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाने पहुंचा दिया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

