बीकानेर में कार सवार युवकों पर हमला: चाकूबाजी, लूटपाट और गाड़ी में तोड़फोड़; एक नाबालिग गंभीर घायल

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

बीकानेर में कार सवार युवकों पर हमला: चाकूबाजी, लूटपाट और तोड़फोड़; एक नाबालिग गंभीर घायल

दैनिक खबरां,बीकानेर। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में कार सवार युवकों पर घात लगाकर हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मारपीट, चाकूबाजी, लूट और तोड़फोड़ की इस वारदात में एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में पीड़ित 17 वर्षीय दरवेश पुत्र मोहम्मद करीम, निवासी धोबी तलाई, रानी बाजार नें शुक्रवार को जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस को हमलावरो के खिलाफ रिपोर्ट दी जिसके बाद पुलिस नें मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित द्वारा पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:30 बजे चिराग होटल, वल्लभ गार्डन के पास कार से जा रहा था। कार में उसके साथ लक्ष्य, प्रियांशु और यश सांखला भी बैठे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी कार को आगे गाड़ी लगाकर जबरन रोक लिया।

रिपोर्ट में बताया गया है कि इसके बाद 4-5 अन्य लोग भी मौके पर आ गए और कार सवारों पर हमला कर दिया। मारपीट, छीना-झपटी और चाकूबाजी में दरवेश के सिर पर 7 टांके लगे हैं, जबकि उसके कंधे पर चाकू से चोट आई। इसी दौरान उसके गले से एक तोले की सोने की चैन भी लूट ली गई। हमलावरों ने कार के आगे-पीछे के शीशे तोड़कर तोड़फोड़ भी की। साथ ही युवक यश के कंधे पर ईंट से चोट पहुंचाई और उसके कपड़े चाकू से फाड़ दिए।

परिवादी ने आरोप लगाया है कि आरोपितों में से एक गणेश सिंह शेखावत इलाके में दादागिरी करता है। घटना के बाद पुलिस नें थाने में पीड़ित का मुआयना किया तो उसके सिर पर पट्टी बंधी मिली और कंधे पर खरोंच के निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एचसी मुकेश को सोंपी है।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई कर सोने की चैन बरामद करवाने और गाड़ी में हुई तोड़फोड़ का नुकसान दिलवाने की मांग की है।