मां प्रेमी के साथ भागी तो पिता ने अपनी बेटी को बनाया हवस का शिकार, घर में दो साल से कर रखा था कैद..

उतर प्रदेश

मां प्रेमी के साथ भागी तो पिता ने अपनी बेटी को बनाया हवस का शिकार, घर में दो साल से कर रखा था कैद..

दैनिक खबरां नेटवर्क। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। थाना अलीगंज क्षेत्र में एक पिता हैवान बन गया। दो साल तक अपनी ही बेटी से दुष्कर्म करता रहा। पहली बार दुष्कर्म उस समय किया, जब बेटी महज 11 साल की थी।

यह सिलसिला दो साल तक चलता रहा। यातनाओं की हदें पार हो गईं, तो किशोरी ने अपनी ताई को पूरी बात बताई। इसके बाद पिता के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी  पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ये लगाया आरोप

किशोरी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि वह दस साल की थी, तब उसकी मां अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई। इसके एक साल बाद पिता ने उसके साथ मारपीट की और अपनी हवस का शिकार बनाया।

इसके बाद वह हैवानियत करता रहा। आरोप है कि एक अगस्त को पिता ने फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान वह तड़पती रही। पिता से यातनाएं न देने की गुहार भी लगाई, लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा।

दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित बालिका की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को घर से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने बेटी के साथ गलत काम करना कबूल किया है। दुष्कर्मी पिता को जेल भेज दिया गया है।