मौसम अपडेट : पारा भी ठिठुरा… शेखावाटी अंचल में थर्ड डिग्री टॉर्चर, 8 जिलों में बारिश के आसार, मंडी मेंं खुले में पड़ी मुंगफली से किसान चिंतित

बीकानेर

मौसम अपडेट : पारा भी ठिठुरा… शेखावाटी अंचल में थर्ड डिग्री टॉर्चर, 8 जिलों में बारिश के आसार, मंडी मेंं खुले में पड़ी मुंगफली से किसान चिंतित

बीकानेर, दैनिक खबरां । कश्मीर में चिल्लई कलां का दौर शुरू हो गया है और आगामी 40 दिन पहाड़ों पर बर्फबारी और भीषण सर्दी का असर रहने वाला है। दूसरी तरफ प्रदेश में आज से सक्रिय नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण गलन और धूजणी छुड़ा रही सर्दी का दौर जारी है। बीती रात शेखावाटी अंचल में खून जमा देने वाली सर्दी का जोर रहा। मैदानी इलाकों में सीकर जिला प्रदेशभर में सबसे सर्द रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में छह से ज्यादा जिलों में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं चार जिलों में कल घना कोहरा छाने का अंदेशा है।

6 जिलों में रात में पारा 6 डिग्री से कम
प्रदेश के छह जिलों में बीती रात पारा 6 डिग्री से कम रेकॉर्ड किया गया। पारे में गिरावट से हाड़कंपाने वाली सर्दी का जोर रहने पर जनजीवन प्रभावित रहा है। मैदानी इलाकों में सीकर शहर 2.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेशभर में सबसे सर्द रहा है। जबकि जिले के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर रात का तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ है। संगरिया 4.4, चूरू 4.2, पिलानी 4.5, करौली 5.4, और अलवर में बीती रात पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया।
ये जिले भी रहे सर्द
श्रीगंगानगर 6.5, भीलवाड़ा 6.8, डबोक 8.1, सिरोही 7.6, फलोदी 8.6, अजमेर 9.3, चित्तौड़ 9.4, धौलपुर 9.5 और अंता बारां में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में बीती रात पारा 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन रात में सर्दी के तेवर तीखे बने रहे। सुबह भी गलन और हाड़कंपाने वाली सर्दी का असर शहरवासियों को महसूस हुआ।
8 जिलों में बारिश संभव
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 8 जिलों में बादल छाने और कहीं कहीं हल्की बारिश होने का अलर्ट मौसम केंद्र ने जारी किया है। जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, नागौर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में बारिश होने के आसार हैं। वहीं कल हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, नागौर और श्रीगंगानगर जिले में घना कोहरा छाने का अंदेशा है।
किसानों को सता रहा खुले में पड़ी मुंगफली के भिगने का डर
मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना के बाद किसानों को नुकसान का डर सता रहा है। बता दें कि इन दिनों अनाज मंडी में मूंगफली की बंपर आवक हो रही है। मंडी में हजारों क्विंटल मूंगफली खुले में पड़ी है। मंडी में बने छप्पर (टिन सैड) पर व्यापारियों ने कब्जा कर रखा है जिससे किसान अपनी मूंगफली खुले में रखने को मजबूर है। बारिश की संभावना के चलते किसान मायूस है। उनका कहना है कि बारिश हुई तो अनाज मंडी में पड़ी मूंगफली भीग जायेगी और मूंगफली के दाम भी घट सकते है। जिससे फिर मुंगफली सस्ते दामों में बेचने को मजबूर होना पड़ेगा।