बज्जू अस्पताल में नशे में धुत डॉक्टर का वीडियो वायरल, CMHO नें लिया एक्शन,बोले-आदतन शराबी, लीवर भी है डैमेज, पढ़े खबर..
दैनिक खबरां,बीकानेर। सरकारी अस्पतालों में लापरवाही की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं, लेकिन बज्जू उप जिला अस्पताल का यह मामला तो पूरे स्वास्थ्य तंत्र पर ही सवाल खड़ा कर रहा है। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने सरकारी क्वार्टर में शराब के नशे में झूमते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, उसी रात कुछ लोग गंभीर रूप से बीमार बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टर नहीं मिले। परिजनों ने देर तक इंतजार किया, और जब डॉक्टर नहीं आए तो वे उनके सरकारी आवास पहुंचे। वहां डॉक्टर को नशे की हालत में देखकर परिजनों ने वीडियो बना लिया। वीडियो में डॉक्टर कंबल ओढ़कर मुंह छिपाने की कोशिश करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस डॉक्टर की शराबखोरी की शिकायतें पहले भी कई बार उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जा चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हुआ।
इसी बीच, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुखराज साध ने दैनिक खबरां से बातचीत में कहा, “यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। बज्जू उप जिला अस्पताल में कार्यरत डॉ. शैलेन्द्र के संबंध में जॉइंट डायरेक्टर व उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। डॉ. शैलेन्द्र पूर्ण रूप से अल्कोहलिक हैं। कल ही उनका मेडिकल करवाया गया, जिसमें लगातार शराब सेवन से उनका लीवर डैमेज पाया गया है।” CMHO ने आगे बताया कि,“मैंने तत्काल प्रभाव से डॉ. शैलेन्द्र की जगह बरसलपुर से एक अन्य डॉक्टर को बज्जू उप जिला अस्पताल में भेजा है ताकि मरीजों को इलाज में कोई दिक्कत न हो।”
अब सवाल यह है कि क्या स्वास्थ्य विभाग इस “दारू डॉक्टर” पर कोई ठोस कार्रवाई करेगा या यह मामला भी हमेशा की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

