बीकानेर में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर अब सख्ती, यातायात पुलिस नें शुरू की रिकवरी कार्रवाई

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

बीकानेर में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर अब सख्ती, यातायात पुलिस नें शुरू की रिकवरी कार्रवाई

दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में बढ़ते यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात शाखा बीकानेर ने सख्त कदम उठाया है। बीकानेर रेंज आईजी व पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर व उप अधीक्षक पुलिस यातायात के सुपरविजन में नो-पार्किंग जोन में खड़े दुपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से शहर में लो फ्लोर रिकवरी वाहन तैनात किया गया है। यह वाहन अब उन दुपहिया वाहनों को उठाएगा जो नो-पार्किंग जोन, मुख्य बाजार, सड़क आम या चौराहों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े किए जाते हैं।

यातायात निरीक्षक नरेश कुमार निर्वाण ने बताया कि शहर के मुख्य बाजारों और गलियों में लोग मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात जाम की स्थिति बन जाती है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अब नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को जब्त कर यातायात शाखा बीकानेर लाया जाएगा।

नो-पार्किंग में खड़ा वाहन मिलने पर नगर विकास न्यास बीकानेर द्वारा ₹150 शुल्क और यातायात पुलिस बीकानेर द्वारा मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹100 का जुर्माना वसूला जाएगा। इस प्रकार कुल ₹250 प्रति दुपहिया वाहन का दंड तय किया गया है। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि शहर का यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।