वाई-फाई कॉलिंग के जरिए हजारों किलोमीटर दूर से पत्नी ने रची ख़ौफ़नाक साजिश, प्रेमी से करवाया पति का कत्ल

राजस्थान

वाई-फाई कॉलिंग के जरिए हजारों किलोमीटर दूर से पत्नी ने रची ख़ौफ़नाक साजिश, प्रेमी से करवाया पति का कत्ल


दैनिक खबरां न्यूज़। प्रदेश में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी को मिलाकर पति की हत्या करवा दी। चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी साजिश महिला ने नागपुर में रहकर वाई-फाई कॉलिंग के माध्यम से रची थी। घटना डीडवाना-कुचामन क्षेत्र से जुड़ी हुई है।जंहा प्रेम प्रसंग में फंसी पत्नी रेखा ने नागपुर में बैठकर वाई-फाई कॉलिंग के जरिए अपने प्रेमी राजूराम और उसके साथी जीवणराम के साथ पूरी योजना बनाई। 29 नवंबर को सुरेंद्र उर्फ सुरेश दादरवाल की मौत सड़क हादसे में बताई गई थी, लेकिन शव पर गहरे घाव मिलने पर पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसमें स्पष्ट हुआ कि उसका गला धारदार हथियार से काटा गया था। इसके बाद पुलिस ने हत्या का एंगल पकड़ा।

सीसीटीवी में चोरी की नंबर प्लेट लगी बाइक पर दो संदिग्ध दिखे, जिससे पुलिस जीवणराम तक पहुंची। पूछताछ में राजूराम का नाम सामने आया। दोनों ने कबूला कि रेखा ने ही सुरेंद्र की लोकेशन बताई थी। इस पर पुलिस ने रेखा समेत तीनों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात वाले दिन आरोपियों ने बाइक से सुरेंद्र का पीछा किया। रास्ते में गाड़ी खराब होने का बहाना कर उसे रोका और हेलमेट उतारते ही चाकू से कई वार कर दिए। बाद में शव को सड़क किनारे फेंककर हादसा दिखाने की कोशिश की।

रेखा की शादी 2018 में हुई थी, लेकिन वह ससुराल नहीं रहती थी। कुचामन में कोचिंग के दौरान उसका राजूराम से प्रेम संबंध बन गया था। नागपुर में अपने पिता के साथ रहते हुए उसने पति की हत्या की प्लानिंग की। सुरेंद्र एक निजी स्कूल में पढ़ाता था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते रेखा पति को रास्ते से हटाना चाहती थी।