ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में दो दिन की बढ़ोतरी:अब 24 की जगह 26 जून से शुरू होंगे राज्य के स्कूल
बीकानेर@दैनिक खबरां। राज्य के स्कूल अब 24 जून की बजाय 26 जून को शुरू होंगे। राज्य सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में दो दिन की बढ़ोतरी की है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक कानाराम ने शिक्षा सत्र 2022-23 शिविरा पंचांग में आंशिक संशोधन के आदेश जारी किए हैं।
दरअसल, वर्तमान में 17 मई से राज्य के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहे हैं। पूर्व में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि 23 जून निर्धारित थी। 24 जून से स्कूल शुरू होने थे। लेकिन 24 जून को शनिवार व 25 जून को रविवार होने के कारण अब स्कूल 24 जून की जगह 26 जून को खुलेंगे।
प्रवेशोत्सव के द्वितीय चरण का आयोजन 26 जून से 30 जून तक रहेगा। राज्य सरकार के इस आदेश से उन शिक्षकों को राहत मिलेगी जो ग्रीष्मकालीन अवकाश में अपने गृह जिले में गए हुए हैं। अब उन्हें 26 जून से स्कूल जाना होगा।
विदित रहे कि 21 जून को आयोजित हुए योग दिवस में भी राज्य सरकार ने गृह जिले से दूर अन्य जिलों में कार्यरत शिक्षकों को अपने गृह जिले के स्कूल में आयोजित योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने की छूट दी थी।

