राजस्थान में कफ सिरप से दो बच्चों की मौत,चिकित्सा मंत्री ने दी सफाई, बेनीवाल का सरकार पर हमला

चिकित्सा राजनीति राजस्थान

राजस्थान में कफ सिरप से दो बच्चों की मौत,चिकित्सा मंत्री ने दी सफाई, बेनीवाल का सरकार पर हमला

दैनिक खबरां,जयपुर। राजस्थान के सीकर, भरतपुर, बांसवाड़ा और जयपुर समेत कई जिलों में दूषित कफ सिरप पीने से अब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि कई मासूम बीमार हैं। उल्टी, दस्त, सांस लेने में तकलीफ और किडनी फेलियर जैसे लक्षण सामने आए हैं। मामले के बाद आरएमएससीएल ने सिरप के 19 बैचों पर रोक लगाई है और ड्रग कंट्रोलर ने उपयोग व वितरण पर तुरंत प्रतिबंध लगाया। तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है।

इधर, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि पीड़ित बच्चों को दवा सरकारी डॉक्टरों की सलाह पर नहीं दी गई, बल्कि अभिभावकों ने खुद से बाहर से खरीदकर दी थी। उन्होंने जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की बात कही।

वहीं, नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि छह माह पहले जिस कंपनी पर प्रतिबंध लगाया गया था, वही अब नया लेबल लगाकर दवा बेच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सरकारी संरक्षण में संभव हुआ है और मुख्यमंत्री व मंत्री से दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

विभाग ने जारी की एडवाइजरी
इसके साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही के साथ ही प्रिसक्रिप्शन लिखने में प्रोटोकॉल का पालन करने तथा रोगियों को प्रिसक्रिप्शन से ही दवा उपलब्ध कराने तथा रोगियों द्वारा बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा नहीं लेने के संबंध में एडवाइजरी भी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी चिकित्सक दवा लिखते समय एडवाइजरी की पूर्णत: पालना सुनिश्चित करें। बच्चों को दवाई लिखते समय निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। रोगी बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा का सेवन नहीं करें। निदेशक जनस्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में मौसमी बीमारियों सहित अन्य सामान्य बीमारियों से बचाव, उपचार एवं अन्य जानकारी के राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0141—2225624 पर किसी भी समय सम्पर्क किया जा सकता है।