मंदिर में चोरी के दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे,चांदी के छत्र बरामद

बीकानेर

मंदिर में चोरी के दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे,चांदी के छत्र बरामद

दैनिक खबरां,बीकानेर। पुलिस थाना खाजूवाला ने तेजाजी मंदिर, जाट धर्मशाला खाजूवाला में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चोरी का माल बरामद कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे चांदी के तीन छोटे छत्र और एक बड़ा छत्र बरामद किया है, जिनका कुल वजन 350 ग्राम और कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा वांछित मुल्ज़िमों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। इस कार्यवाही को बीकानेर रेंज के आईजी, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कैलाश सिंह सांधु के निर्देशन और वृताधिकारी वृत खाजूवाला अमरजीत चावला के निकट सुपरविजन में अंजाम दिया गया।

खाजूवाला थाना प्रभारी की टीम ने कल आरोपी संदीप सुथार पुत्र कृष्णलाल (35), निवासी वार्ड 5 तावणिया कॉलोनी, खाजूवाला और करार हुसैन उर्फ सोनू पुत्र नजीर खां (22), निवासी चक 1 केजेडी, खाजूवाला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए चोरी के चांदी के छत्रों की जानकारी दी, जिन्हें पुलिस ने आज बरामद कर लिया।

पुलिस ने आगे की जांच में पाया कि आरोपी करार हुसैन का साथी राजेन्द्र पुत्र बलवीरराम बावरी (30), निवासी चक 1 केजेडी घडसाना व रावला थानाक्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है। उसे दस्तयाब कर आगे की कार्यवाही हेतु पुलिस थाना घडसाना को सुपुर्द किया गया है।