भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा रोकने सख्त हुए चयन बोर्ड, शिक्षक भर्ती परीक्षा केवल 14 जिलों में

राजस्थान शिक्षा

भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा रोकने सख्त हुए चयन बोर्ड, शिक्षक भर्ती परीक्षा केवल 14 जिलों में

दैनिक खबरां न्यूज़। कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर ने भर्ती परीक्षाओं में डमी कैंडिडेट और पेपर लीक जैसी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया है। अब भर्ती परीक्षा के साथ-साथ डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान भी बायोमैट्रिक और फेस स्कैन अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि किसी भी स्तर पर फर्जी अभ्यर्थी शामिल न हो सकें।

पेपर लीक की आशंका को कम करने के लिए बोर्ड ने कई तकनीकी और प्रशासनिक कदम उठाए हैं। इनमें अलग-अलग प्रिंटिंग प्रेस से प्रश्नपत्रों के अलग-अलग सेट छपवाना, परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र को पूरी तरह सील करना, वीडियोग्राफी, तथा परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाना शामिल है। इसके बावजूद भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए बोर्ड ने इस बार बड़ा निर्णय लिया है।

इसी क्रम में तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन बीकानेर सहित प्रदेश के केवल 14 जिलों में ही किया जाएगा। इन जिलों में 7 संभाग मुख्यालयों के साथ-साथ अलवर, बारां, बांसवाड़ा, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, झुंझुनू और भीलवाड़ा शामिल हैं। शेष 27 जिलों में कोई भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।

शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बोर्ड ने जनवरी माह में परीक्षा आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा 17 से 21 जनवरी के बीच प्रस्तावित है। कुल 7,759 पदों के लिए 9 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

पीटीआई भर्ती-2022 में भी सामने आ चुका है फर्जीवाड़ा

गौरतलब है कि पीटीआई भर्ती परीक्षा-2022 में भी बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आई थीं। राज्य सरकार ने फर्जीवाड़े में दोषी पाए गए बीकानेर सहित विभिन्न जिलों में नियुक्त 158 शारीरिक शिक्षकों को बर्खास्त किया था। जांच में सामने आया कि कई अभ्यर्थियों ने बीपीएड और डीपीएड की डिग्रियां परीक्षा तिथि के बाद प्राप्त की थीं। दोष सिद्ध होने पर मुख्यालय के निर्देश पर सभी की नियुक्तियां निरस्त कर दी गई थीं। इन्हीं अनुभवों को ध्यान में रखते हुए चयन बोर्ड इस बार परीक्षाओं को सीमित जिलों में आयोजित कर पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठा रहा है।