नोखा में चोरों का राज! पुलिस बेखबर, मंदिर से चांदी के छत्र और दान पेटी साफ

बीकानेर

नोखा में चोरों का राज! पुलिस बेखबर, मंदिर से चांदी के छत्र और दान पेटी साफ

दैनिक खबरां, बीकानेर। नोखा कस्बे में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले श्याम जी हनुमान मंदिर में हुई चोरी को हुए लगभग 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक उस वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। इसी बीच बीती रात चोरों ने फिर से वारदात को अंजाम देते हुए भगवान के मंदिर को भी नहीं छोड़ा।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने नागौर रोड स्थित साईं बाबा मंदिर के लोहे के चैनल गेट को सरियों से तोड़कर भीतर प्रवेश किया और वहां रखे 22 चांदी के छत्र, एक गाड़िया और दान पेटी चुरा ले गए। वारदात के बाद सुबह मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं ने जब ताले टूटे देखे तो दंग रह गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि नोखा में मोटरसाइकिल चोरी और मंदिरों में चोरी की घटनाएँ आम होती जा रही हैं। पुलिस की सुस्त कार्यशैली और गश्त व्यवस्था की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि कस्बे में नशे के कारोबार पर भी पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं है। नशे के आदी बदमाश चोरी कर अपनी लत पूरी करने में लगे हुए हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से कस्बे में भय और आक्रोश का माहौल है।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।