कथा स्थल पर बोलेरो से टक्कर मारकर वृद्ध पर जानलेवा हमला, हाथ फ्रैक्चर – दो आरोपी फरार
दैनिक खबरां, बीकानेर । कोलायत थाना क्षेत्र के गडियाला गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति पर बोलेरो सवार दो जनों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। वारदात उस वक्त हुई जब पीड़ित भागवत कथा सुनने जा रहा था। इस संबंध में गडियाला निवासी करणी सिंह पुत्र धूड़सिंह (70 वर्ष) नें गुरुवार को कोलायत थाने में अपने ऊपर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया कि बुधवार को वह अपनी डस्टर कार (RJ 07 C 2133) लेकर कथा स्थल की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोकी, सामने से बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी आकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से करणी सिंह नीचे गिर गए। बोलेरो से उतरे जालम सिंह पुत्र विशाल सिंह और मघाराम पुत्र जगुराम ने हाथों में लाठी व तलवार लेकर वृद्ध पर हमला कर दिया।
करणी सिंह ने सिर पर वार से बचने के लिए हाथ आगे किया, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। आरोपियों ने तलवार से डस्टर गाड़ी पर भी वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान कथा स्थल पर मौजूद भादर सिंह पुत्र जेठूसिंह व भूपी सैन पुत्र गिरधारीराम ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने परिवादी का नजरी निरीक्षण किया। करणी सिंह ने दाहिने हाथ में दर्द की शिकायत बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक जयसिंह को सौंपी गई है।

