पांच बंद मकानों में चोरी की वारदात का खुलासा, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
बीकानेर दैनिक खबरां। जिले की नोखा पुलिस ने गांव रोडा में रात्रि के समय बंद मकानों के ताले तोड़कर की गई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। विगत 27 दिसंबर 2025 की रात को गांव रोडा में अज्ञात आरोपियों द्वारा पांच बंद मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए गए थे।
इस संबंध में चेतनराम पुत्र सुरजाराम मेघवाल, निवासी रोडा ने पुलिस थाना नोखा में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिस पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और पुलिस उप अधीक्षक नोखा जरनैल सिंह के सुपरविजन में अरविन्द कुमार भारद्वाज, थानाधिकारी पुलिस थाना नोखा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसके आधार पर आरोपी इन्द्राज धोबी पुत्र मुकेश, उम्र 24 वर्ष, जाति धोबी, निवासी झालाना, थाना मालवीय नगर, जयपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से गहन पूछताछ जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस टीम में अरविन्द कुमार भारद्वाज (थानाधिकारी), नरेश कुमार (उप निरीक्षक), तेजाराम कांस्टेबल 1184 तथा गोरखनाथ कांस्टेबल 640 आरएसी शामिल रहे।

