आधी रात बदमाशों ने की फायरिंग, छत चीरते हुए घर में घुसी बुलेट, सो रहे युवक के पास फर्श पर जाकर लगी
जयपुर। जयपुर में देर रात बदमाशों के फायर करने से दहशत फैल गई। लोहे की चद्दर की छत को चीरते हुए बुलेट एक घर में जा घुसी और कमरे में सो रहे युवक के पास फर्श में जाकर गोली लगी। चित्रकूट नगर थाना पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस फायरिंग करने वाले बदमाशों की तलाश कर रही है।
ASI उम्मेद सिंह ने बताया कि दूनी टोंक निवासी अरविंद साहू (24) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया- वह परिवार के साथ विद्युत नगर चित्रकूट में किराए से रहते हैं। रविवार रात को वह अपने माता-पिता और दो बहनों के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 1 बजे जोरदार धमाके की आवाज सुनकर नींद खुली। उनके सोने की जगह से महज कुछ दूरी पर कोई चीज फर्श पर आकर तेजी से लगी। आवाज सुनकर परिवार के लोग घबराकर जागे। देखने पर फर्श में बुलेट लगी मिली। घर पर फायरिंग का पता चलने पर परिवार में दहशत फैल गई। गोली चलने की सूचना पर चित्रकूट नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पास की बिल्डिंग से चलाई गोली
पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि अरविंद के घर पर पास किसी बिल्डिंग की छत से फायर किया गया है। गोली लोहे की चद्दर की छत को चीरते हुए नीचे घर में फर्श पर लगी है। बुलेट लगने से फर्श में छोटा गड्ढा हो गया। अरविंद के सोने की जगह से कुछ दूरी पर गोली लगने से वह बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम घर पर गोली चलाने वाले बदमाशों की तलाश कर रही है। बदमाशों के पकड़ने के बाद ही फायरिंग के पीछे मकसद का पता चल सकेगा।
पिस्तौल चेक करने के दौरान हो सकता है फायर
पुलिस सूत्रों की मानें तो बदमाशों के पिस्तौल को चेक करने के दौरान फायर किया गया है। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि पिस्तौल में फंसे कार्टेज को निकालने के दौरान भी गोली चल सकती है। पीड़ित का कहना है हमारी किसी से भी दुश्मनी नहीं है। ऐसे में किसी पर भी गोली चलाने का शक नहीं है। घर पर गोली चलना बड़ी बात है, हमारे परिवार को जान का खतरा है।

