डूंगर कॉलेज के सामने हादसे में घायल की मौत, मोर्चरी के बाहर धरना, प्रशासन ने मानी मांगे, इन पर बनी सहमति

बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन

डूंगर कॉलेज के सामने हादसे में घायल की मौत, मोर्चरी के बाहर धरना, प्रशासन ने मानी मांगे

बीकानेर। हाल ही में बीते दिनों डूंगर कॉलेज के सामने हुए सड़क हादसे में घायल राजूराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना दिया। धरने में मृतक परिवार को आर्थिक सहायता, एक सदस्य को नौकरी और डेयरी बूथ आवंटन की मांग रखी गई। धरने पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता प्रफुल्ल हटीला ने बताया कि मौके पर नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और वार्ता की। लंबी चर्चा के बाद प्रशासन ने परिजनों की प्रमुख मांगें मान लीं। इसमें 50 लाख रुपए का प्रस्ताव सरकार को भेजना, सरकारी सहायता उपलब्ध करवाना, परिवार को डेयरी बूथ आवंटित करना और एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने पर सहमति बनी।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जयपुर रोड स्थित डूंगर कॉलेज के सामने तीन वाहनों की भिड़ंत हुई थी। उस हादसे में मोहल्ला व्यापारियान निवासी नेक मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने मोर्चरी के बाहर धरना दिया था। अब उसी हादसे में गंभीर रूप से घायल राजूराम ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रफुल्ल हटीला ने बताया कि प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।