प्रदेश के आठ शहरों की हवा प्रदूषित, जोधपुर रेड जोन में पहुंचा, जयपुर की हवा भी खराब
दैनिक खबरां नेटवर्क। राजस्थान में दीपावली की रात जमकर आतिशबाजी हुई। इससे जयपुर और जोधपुर सहित प्रदेश के आठ शहरों की हवा खराब हो गई। मंगलवार सुबह जोधपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल 300 के पार पहुंच गया था। इस सीजन में यह पहली बार है जब शहर की हवा इनती प्रदूषित हुई हो।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार जोधपुर के बाद पाली शहर की हवा सबसे ज्यादा खराब रही। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल 262 दर्ज किया गया। वहीं जयपुर में यह 257 दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को जयपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल 157 था। मंगलवार को इसमें 100 अंकों की बढ़ोतरी हुई है।
प्रदेश की राजधानी जयपुर, भिवाड़ी, कोटा, पाली और अजमेर एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल में ऑरेंज जोन में रहे, जबकि जोधपुर रेड जोन में रहा। वहीं, उदयपुर और अलवर येल्लो जोन में है। एक दिन पहले यानी सोमवार को अलवर का एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल 100 से नीचे था। जिससे जिला ग्रीन जोन में था। मंगलवार को प्रदेश इन आठ जिलों का एयर क्वालिटी इंडेक्स लगभग 200 के करीब या इससे ऊपर ही रहा।

