31वां मास्टर बच्ची गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट 25 से, ट्रॉफियों का हुआ लोकार्पण
दैनिक खबरां,बीकानेर। युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मास्टर बच्ची क्लब फुटबॉल समिति के तत्वाधान में 31वां राज्य स्तरीय मास्टर बच्ची गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट 25 से 29 दिसंबर तक पुष्करणा स्टेडियम में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में मेजबान बीकानेर सहित प्रदेश की 10 टीमें भाग लेंगी।
रविवार को प्रतियोगिता की ट्रॉफियों का लोकार्पण किया गया। आयोजन सचिव भरत पुरोहित ने बताया कि टूर्नामेंट नॉकआउट प्रणाली पर खेला जाएगा, जिसमें बाहर के रेफरी निर्णायक मंडल में शामिल होंगे। मैच प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से होंगे तथा मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज सहित विभिन्न पुरस्कार दिए जाएंगे।
समिति अध्यक्ष सुनील बांठिया ने बताया कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था आयोजन समिति करेगी। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। इस बार फाइनल मैच दूधिया रोशनी में कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मीडिया प्रभारी हर्षित बिस्सा ने बताया कि बीकानेर के अलावा जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा और नोहर की टीमें भाग लेंगी। महिलाओं का एक प्रदर्शनी मैच कराने की भी योजना है।
लगातार 30 वर्षों से आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता शहर में खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

