ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, मृतक की हुई पहचान
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रविवार को रात्रि करीब 9.15 बजे घड़सीसर अंडरब्रिज के ऊपर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक का शव रेलवे पटरियों पर पड़ा मिला।
मृतक की पहचान धुड़ाराम पुत्र बिशनाराम, निवासी गांव थावरिया, हाल निवासी तेजाजी मंदिर के पास, चौधरी कॉलोनी, बीकानेर के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान के कार्यकर्ता सोएब, ताहिर हुसैन, रमजान अली, मोहम्मद जुनैद खान, इरफान एवं राजकुमार खड़गावत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद गंगाशहर पुलिस के कालूराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस निगरानी में शव को पीबीएम अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

