जाटेश्वर महादेव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार को विशेष पूजा, रात्रि जागरण में गूंजे शिव भजनों के स्वर
बीकानेर, दैनिक खबरां । सावन मास के अंतिम सोमवार को शहर के गजनेर रोड़ डूडी पेट्रोल पम्प स्थित जाटेश्वर महादेव मंदिर में धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव के साथ विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पवित्र अवसर पर पंडित भगवानाराम उपाध्याय के सान्निध्य में दिन भर वेद मंत्रों और रुद्राभिषेक के साथ महादेव का अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं बेलपत्र अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया। रात्रि में विशेष पूजन पंडित भगवानाराम उपाध्याय के सान्निध्य में यजमान जीयाराम मुंड,ईश्वर दुसाद, नरेंद्र सारण, मोहन कुलड़िया, जसराम कुकना, हीरालाल सारण, कानाराम नींबडिया द्वारा पूजा-अर्चना के उपरांत मंदिर परिसर में रात्रि जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न भजन कलाकारों ने शिव महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। जैसे-जैसे रात बढ़ती गई, मंदिर परिसर ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘ऊँ नम: शिवाय’ के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालुओं ने देर रात तक जागरण में भाग लेकर नृत्य-गान के साथ शिव भक्ति में लीन रहकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया और सावन के अंतिम सोमवार को बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। देखें फोटो





