उदयपुर में हालात तनावपूर्ण;बाजार बंद, कई गाड़ियों में लगाई आग, वाहनों में तोड़फोड़,इंटरनेट बंद..
उदयपुर। शहर के भटियाणी चौहट्टा में शुक्रवार को सुबह एक सरकारी स्कूल के बाहर छात्र को चाकू मारने की घटना ने तूल पकड़ लिया। उदयपुर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। गुस्साए लोगों न बाजार बंद करा दिए। साथ ही कई जगह वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। मामले को लेकर शहर में कई जगह आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। आरोप है कि समुदाय विशेष के सहपाठी छात्र ने हमला किया। चाकू मारने की बात फैलने के बाद हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया। कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित भाजपा पदाधिकारी एमबी अस्पताल में एकत्रित हो गए और नारेबाजी की गई।
ये है मामला
दरअसल, सरकारी स्कूल के दो छात्रों के झगड़े के कारण ये तनाव हो गया। शहर के सरकारी स्कूल में एक छात्र ने दूसरे छात्र को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घटना सूरजपोल थाना क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे की है। घायल स्टूडेंट को टीचर महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश भारती के अनुसार दोनों छात्र नाबालिग हैं और इनकी उम्र करीब 15 साल है। दोनों राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भटि्टयानी चौहट्टा में एक ही क्लास में पढ़ते हैं।
उदयपुर में अगले कल रात 10 बजे तक के लिए इंटरनेट बैन
चाकूबाजी की घटना के बाद भड़की हिंसा को देखते हुए उदयपुर जिला प्रशासन ने इंटरनेट बंद के आदेश जारी किए। आज रात 10:00 बजे से अगले 24 घंटे तक इंटरनेट सेवा उदयपुर में बंद रहेगी। शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए इंटरनेट बैन की गई है।
किस बात पर हुआ झगड़ा, अभी स्पष्ट नहीं
इधर, चाकूबाजी की घटना में घायल दसवीं के छात्र देवराज का एमबी अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। चाकूबाजी की घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसकी पुष्टि घायल छात्र के बयान होने के बाद ही पता चल सकेगा।

