शर्मसार : पत्नि व दो बेटियों की हथोड़े से निर्मम हत्या कर घर को लॉक कर हुआ फरार, दो दिन बाद
लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने दबोचा
जयपुर। मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है जहां किराये पर रहने वाले एक मजदूर ने अपनी पत्नी और दो बेटियों की हथौड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का पता दो दिन बाद पड़ोसियों को ज़ब चला तब मकान से बदबू आने लगी। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर आरोपी को कनकपुरा रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया। घटना जयपुर के करधनी थाना इलाके के सरना डूंगर इलाके की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अमित ने पत्नी किरण यादव (32) और बड़ी बेटी प्रिया (11) की हत्या 17 नवंबर को कर दी थी। अगले दिन छोटी बेटी रिया (06) की हत्या कर दी। उसके बाद आरोपी घर पर ताला लगाकर भाग गया।
आरोपी ने की थी लव मैरिज
थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि आरोपी फतेहपुर, उत्तर प्रदेश निवासी अमित कुमार उर्फ करण यादव है। वह सरना डूंगर इलाके में अगरबत्ती की फैक्ट्री में काम करता है। आरोपी ने पत्नी किरण से लव मैरिज की थी। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पर दो लाख रुपए का कर्जा हो गया था। उसने दो-तीन माह से मकान का किराया भी नहीं दिया था।
हत्या के बाद छोटी बेटी को लेकर घूमता रहा आरोपी
उदय सिंह यादव ने बताया कि पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या के बाद आरोपी छोटी बेटी रिया को लेकर घूमता रहा। उसे बाहर खाना भी खिलाया। एक कमरे में पत्नी और बड़ी बेटी का शव पड़ा था और दूसरे कमरे में बेटी को लेकर सो गया। अलसुबह चार बजे आरोपी ने रिया की भी हथौड़े से हत्या कर दी। इसके बाद घर को बंद कर भाग गया।
एक माह पहले भी पत्नी पर किया था जानलेवा हमला
पुलिस ने बताया कि एक माह पहले भी आरोपी ने पत्नी पर फावड़ा से जानलेवा हमला किया था। इससे वह बेहोश हो गई थी। इस बार आरोपी ने हथौड़े से हमला किया। मकान की देखरेख करने वाले हनुमान सैनी ने हत्या का केस दर्ज करवाया है।

