भाजपा मंडल अध्यक्ष पर पीएम आवास योजना में गंभीर आरोप,लाभार्थी के 1.20 लाख अपने खाते में डलवाये, पीएमओ तक हुई शिकायत
दैनिक खबरां, बीकानेर। देशनोक नगर पालिका में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन पंचारिया ने लाभार्थी स्वरूप के नाम से स्वीकृत तीन किश्तों की कुल राशि 1 लाख 20 हजार रुपये अपने खाते में डलवाई। इस संबंध में स्थानीय युवाओं ने दस्तावेजों सहित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ व प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायत भेजी है।
आरोपों के अनुसार 25 जुलाई 2024 को एक ही दिन में दो किश्तों और 30 जुलाई को तीसरी किश्त का भुगतान कर दिया गया, जबकि कई लाभार्थी महीनों से राशि का इंतजार कर रहे हैं। इससे भुगतान प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले को लेकर शिकायतकर्ताओं ने कड़ी कानूनी कार्रवाई और भाजपा से निष्कासन की मांग की है। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रविंद्र सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और पालिका स्तर पर जांच करवाई जाएगी।

