बीछवाल थाना क्षेत्र में सनसनी: दो स्थानों पर मिले मानव पैर, पुलिस जुटी जांच में..

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीछवाल थाना क्षेत्र में सनसनी: दो स्थानों पर मिले मानव पैर, कारणों को लेकर उठा रहस्य

दैनिक खबरां,बीकानेर। बीछवाल थाना इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो अलग-अलग जगहों पर मानव पैर मिलने की सूचना सामने आई। पहला पैर कृषि मंडी क्षेत्र में जबकि दूसरा आरसीपी श्मशान भूमि के पास देखा गया। जानकारी मिलते ही भाजपा नेता भगवान सिंह मेडतिया मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचित किया।

पुलिस शुरुआती जांच में इसे श्मशान भूमि से आवारा श्वानों द्वारा बाहर लाए जाने की आशंका से जोड़ रही है, लेकिन विशेष बात यह है कि पैरों पर कुत्तों के दांतों के निशान तक नहीं मिले। वहीं, एक अवयस्क के पैर होने की संभावना भी जताई गई है। पुलिस का मानना है कि संभवतः दफनाए जाने के बाद आवारा श्वानों ने इन्हें बाहर खींचा हो, पर पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं।

उधर, भाजपा नेता मेडतिया ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात कर एफएसएस टीम बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच करवाने की मांग की। मेडतिया का कहना है कि अलग-अलग स्थानों से मानव पैर मिलना और शरीर के अन्य हिस्सों का न मिलना संदेह को और गहरा करता है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पैरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में दहशत और कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।