हाईवे पर मौत बनकर दौड़ रहे ट्रक का पुलिस ने पीछा कर नाकेबंदी में पकड़ा,नशे में धुत चालक गिरफ्तार, कई और वाहन भी किए सीज
दैनिक खबरां, बीकानेर। जयपुर में नशे में ट्रक चालक द्वारा लोगों को कुचलने की घटना के बाद प्रदेशभर में पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने बीती रात हाईवे पर एक बड़े हादसे को टालते हुए तेज रफ्तार और लहराते हुए दौड़ रहे खतरनाक ट्रक को काबू किया।
बीकानेर-जयपुर हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक बेकाबू होकर दाएं-बाएं लहराते हुए आगे बढ़ रहा है और कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक के निर्देशन में सीआई जितेंद्र कुमार, एएसआई राजकुमार और हेडकांस्टेबल बलवीर काजला की टीम तुरंत सक्रिय हुई। हेमासर के पास पुलिस ने ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी।
तेज पीछा करते हुए पुलिस दल ने लखासर टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर ट्रक को घेरा और रोक लिया। ट्रक चालक राजेश कुमार (25) पुत्र सुरेश कुमार निवासी किशनपुरा, राजगढ़ नशे में धुत पाया गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर ट्रक सीज कर दिया।
7 और चालक नशे में ड्राइविंग करते पकड़े गए, सभी वाहन सीज
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने मनोज, गुलाब सिंह, आमिर, मुकेश, लालचंद, राजूराम और राकेश सहित कुल 7 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी के वाहन सीज कर प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

