मंत्री की कार हुई भीषण हादसे का शिकार, सरकारी गाड़ी के उड़े पखच्चे,शादी समारोह से लौट रहें थे जयपुर
दैनिक खबरां, जयपुर। राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण चतुर्वेदी शनिवार को एक सड़क हादसे में बाल–बाल बच गए। जानकारी के अनुसार चतुर्वेदी सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर की भतीजी की शादी में शामिल होकर जयपुर लौट रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक,ब्यावर जिले के पीपलाज क्षेत्र में उनके सरकारी वाहन के आगे अचानक रोजड़ा (जानवर) आ जाने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और दुर्घटना हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन बड़ी राहत की बात यह रही कि चतुर्वेदी समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्हें केवल सामान्य चोटें आई हैं।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायज़ा लिया। दुर्घटना के बाद अरुण चतुर्वेदी को पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
इस हादसे के बाद राजनीतिक हलकों में भी चिंता का माहौल रहा, लेकिन चतुर्वेदी के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद सभी ने राहत की सांस ली।

