REET : फर्जी अभ्यर्थी बैठाने की तैयारी में था सरकारी टीचर, छापे में एक ही फोटो लगे 8 आधार कार्ड, 12 लाख नगद भी….

देश पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

REET : फर्जी अभ्यर्थी बैठाने की तैयारी में था सरकारी टीचर, छापे में एक ही फोटो लगे 8 आधार कार्ड,12 लाख नगद भी

डूंगरपुर, @दैनिक खबरां। राजस्थान के डूंगरपूर जिले की धंबोला पुलिस ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा व रीट (REET) परीक्षा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षा में लाखों रुपए लेकर फर्जी अभ्यर्थी बैठाने के काले कारनामे को उजागर किया है।

मामले में धम्बोला पुलिस ने पीठ कस्बे से एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। शिक्षक के पास से 12 लाख से अधिक नकदी व प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

सीमलवाड़ा डिप्टी रामेश्वर लाल चौहान ने मामले की पुष्टि की है। आरोपी के प्रतियोगी परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी बैठाने के गिरोह से जुड़े होने की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि बीते बुधवार की शाम को सूचना मिली थी कि पीठ कस्बे में एक कॉम्प्लेक्स में किराए के कमरे में रहने वाला बाड़मेर निवासी शिक्षक भंवरलाल जाट किसी संदिग्ध कार्य में लिप्त है।

भंवरलाल राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल डूंका में कार्यरत है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि भंवरलाल रीट परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बैठाने के नाम पर लोगों से राशि ले रहा है।

सूचना पर सीमलवाड़ा डिप्टी रामेश्वरलाल चौहान ने पीठ के भोलेनाथ कॉम्प्लेक्स में दबिश दी। इस दौरान कॉम्प्लेक्स के किराए कमरे में रह रहे शिक्षक भंवरलाल जाट से 12 लाख 17 हजार की राशि जब्त की गई।

रीट से जुड़े दस्तावेज भी जब्त

पुलिस ने आरोपी के पास से रीट परीक्षा से जुड़े दस्तावेज के साथ कई अभ्यर्थियों की 10वीं की ओरिजनल मार्कशीट व सब इंस्पेक्टर भर्ती से जुडे़ दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इसके साथ ही भंवरलाल के फोटो लगे फर्जी 8 आधारकार्ड, ब्लेंक चेक भी मिले हैं।

अभी तक पुलिस पूछताछ में आरोपी शिक्षक भंवरलाल ने बताया कि वह टीएसपी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की जगह प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जी अभ्यर्थियों को बैठाने के नाम पर राशि लेता है।

उसने बताया कि धोरीमन्ना निवासी भवरलाल विश्नोई उसका एक साथी है, जिसे वह सारे दस्तावेज भेजता है और वही सारी सेटिंग करता है। फिलहाल पुलिस की पूछताछ जारी है। पूछताछ में ओर भी कई खुलासे होने की संभावना है।