राठौड़ बोले-पार्टी मौका देगी तो चुनाव लड़ेंगे, टिकट नहीं मांगा, टिकट कटने से नेताओं की नाराजगी पर कहा- इसे लेकर जिन्हें निर्णय लेना है, वो समय पर लेंगे
जयपुर। लोकसभा चुनावों को लेकर बीजेपी राजस्थान की शेष 10 सीटों पर जल्दी प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती हैं। राजसमंद और जयपुर ग्रामीण सीट से पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ का नाम चर्चाओं में हैं। चुनाव लड़ने के सवाल पर राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि अगर पार्टी उन्हें मौका देगी तो वो जरूर चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने कहा- पार्टी में कार्यकर्ता की भूमिका क्या रहेगी, ये हमारा आलाकमान तय करता हैं। अगर पार्टी मौका देगी तो चुनाव लड़ेंगे, नही तो इस पर मेरा कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि ना ही मैं टिकट मांग रहा हूं। हमारी भूमिका आलाकमान तय करता हैं। उस भूमिका के लिए हम सब तैयार रहते हैं।
प्रदेश की लोकसभा सीटों पर केन्द्रीय नेतृत्व को पैनल सौंपने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका अधिकार भी हमें नहीं है। लेकिन राजस्थान में मिशन-25 जरूर पूरा होगा।
टिकट कटने से नाराज़गी पर कहा- समय पर निर्णय होगा
राजेन्द्र राठौड़ ने लोकसभा चुनावों में टिकट कटने से हुई नाराजगी को लेकर कहा कि कहीं कोई नाराजगी नहीं है। मैं समझता हूं कि इस सवाल पर टीक टिप्पणी करने का भी मुझे अधिकार नहीं हैं। हमारा आलाकमान कार्यकर्ताओं को अलग-अलग काम पर लगाता हैं। सभी की अलग-अलग भूमिका होती हैं। इसलिए जो निर्णय हुआ है, वह स्वीकार हैं।
उन्होंने कहा कि अगर फिर भी कोई नाराज़गी है तो यह परिवार का मामला हैं। जिनको इस पर निर्णय लेना हैं, वो समय पर इस पर निर्णय़ करेंगे। वहीं कांग्रेस की उदयपुर और चुरू प्रत्याशियों को लेकर की गई आपत्ति पर राठौड़ ने कहा कि संविधान में कहीं ऐसा नहीं लिखा है कि सरकारी कर्मचारी नौकरी छोड़कर राजनीति में नहीं आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अगर कोई आपत्ति है तो वह बताए कि संविधान के किस अनुच्छेद में ऐसा लिखा है।

