तीन हजार की रिश्वत के साथ पटवारी चढ़ा एसीबी के हत्थे

बीकानेर

तीन हजार की रिश्वत के साथ पटवारी चढ़ा एसीबी के हत्थे

दैनिक खबरां। एसीबी की कार्रवाई में एक एक भ्रष्ट पटवारी तीन हजार की रिश्वत के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया है। आरोपी पटवारी ने जोधपुर में पुश्तैनी जमीन का म्यूटेशन भरने के एवज में रिश्वत मांगी थी। पकड़ा गया आरोपी जगदीश पालीवाल जोधपुर के सेतरावा तहसील में पटवारी के पद पर कार्यरत है। जहां पीड़ित की शिकायत पर एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर जोधपुर ग्रामीण इकाई ने सोमवार को कार्रवाई को अंजाम दिया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की जोधपुर ग्रामीण इकाई को परिवादी ने शिकायत दी कि उनकी पुश्तैनी जमीन का म्यूटेशन भरने की एवज में जगदीश पालीवाल, हाल पटवारी पटवार मण्डल जेठानिया, अतिरिक्त कार्यभार पटवार हल्का खिंयासरिया 3 हजार रुपए की रिश्वत मांगकर परेशान कर रहा है।

जिस पर एसीबी, जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस विष्णुकान्त के सुपरविजन तथा एसीबी की जोधपुर ग्रामीण इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के निर्देशन में अमराराम खोखर पुलिस निरीक्षक की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की।

परिवादी ने बताया कि उसकी सेतरवां में 19 खसरों में उसके सहित उसके 8 भाई-बहनों की जमीन है। पुश्तैनी जमीन का म्यूटेशन भरने के एप्लाई किया था। उसने 22 सितम्बर को एप्लाई किया लेकिन काम नहीं हुआ। फिर पटवारी का ट्रांसफर हो गया। नए पटवारी जगदीश ने म्युटेशन के एवज में 3 हजार रुपए मांगे। इसकी शिकायत एसीबी में करने पर 9 तारीख को इसका सत्यापन कर आज 14 नवंबर को गिरफ्तार किया।