पुलिस आश्वासन पर गोगामेड़ी समर्थकों ने विधानसभा घेराव किया स्थगित, क्षत्रिय करणी सेना के अध्यक्ष बोले- हत्यारों का एनकाउंटर किया जाए
जयपुर। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जहां उनकी पत्नी यात्रा निकाल रही हैं। वहीं दूसरी ओर क्षत्रिय करणी सेना की ओर से जयपुर के चित्रकूट स्थित प्रताप स्टेडियम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इसके बाद 15 सूत्री मांगों को लेकर क्षत्रिय करणी सेना के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सरकार के प्रतिनिधि को सभा स्थल पर बुलाने की मांग की। किसी प्रतिनिधि के नहीं आने पर विधानसभा घेराव की चेतावनी दी। दिनभर सभा स्थल के पास पुलिस जाब्ता तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों और पदाधिकारियों के बीच कई दौर की वार्ता हुई। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद शाम 4 बजे के बाद पदाधिकारियों ने विधानसभा घेराव को स्थगित कर दिया है।
कार्यक्रम की शुरुआत में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज सिंह शेखावत ने दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखा गया। गोगामेड़ी की तीसरी पत्नी सपना सोनी भी कार्यक्रम में पहुंचीं।
राज सिंह शेखावत ने कहा- सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के 90 दिन बीत गए, लेकिन आज भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई। यहां तक कि जिस हथियार से उनकी हत्या की गई। एनआईए आज तक उसे भी नहीं ढूंढ पाई। सरकार से हम मांग करते हैं कि हत्या करने वालों की जल्द गिरफ्तारी हो और उनका एनकाउंटर किया जाए।
सरकार तक पहुंचा दी जाएगी मांगें
गोगामेड़ी की श्रद्धांजलि सभा के बाद शाम 4.45 बजे विधानसभा घेराव को स्थगित कर दिया है। क्षत्रिय करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत ने कहा- प्रशासन की ओर से कुंवर राष्ट्रदीप, पारस जैन समेत पांच अधिकारियों ने वार्ता की। हमारी मांगों को उच्चाधिकारियों के माध्यम से सरकार तक बात पहुंचा दिया जाएगा। इस आश्वासन के साथ आज विधानसभा घेराव को स्थगित कर दिया गया है।
शीला ने कहा- मैंने कोई समझौता नहीं किया
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दूसरी पत्नी शीला सिंह शेखावत न्याय यात्रा निकाल रही हैं। भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा-सुखदेव सिंह सर्वसमाज के नेता थे। अगर कोई श्रद्धांजलि सभा करता है या दान पुण्य करता है तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। जहां तक बात सरकार से समझौता करने की है। मैंने कोई समझौता नहीं किया है। मेरे पति की हत्या हुई है। मैं उन्हें न्याय दिलाने के लिए ही यह यात्रा निकाल रही हूं। अभी हमने 120 किमी की यात्रा की है। 15 मार्च तक जयपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। हमारे राजपूत समाज में जौहर की परंपरा रही है। मैं सीएम साहब से मिलकर न्याय की गुहार लगाऊंगी। अगर न्याय नही होगा तो शीला सिंह शेखावत जौहर करेगी।

