पीबीएम अस्पताल में अब 24 घंटे हाईटेक निगरानी: सेंट्रलाइज्ड सीसीटीवी सिस्टम तैयार

चिकित्सा बीकानेर

पीबीएम अस्पताल में अब 24 घंटे हाईटेक निगरानी: सेंट्रलाइज्ड सीसीटीवी सिस्टम तैयार

दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में लगातार हो रही चोरी, जेबकटिंग और मारपीट की घटनाओं को रोकने के लिए अब सेंट्रलाइज्ड सीसीटीवी एक्सेस सिस्टम विकसित किया जा रहा है। मरदाना विंग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां बड़ी स्क्रीन पर पूरे कैंपस की 24 घंटे मॉनिटरिंग होगी।

वर्तमान में अस्पताल के 34 स्थानों पर 239 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी कंट्रोलिंग इसी कंट्रोल रूम से होगी। इसके अलावा 150 नए कैमरे और खरीदे जा रहे हैं—कुछ नए स्थानों पर लगेंगे, कुछ पुराने बदले जाएंगे। तीन शिफ्ट में सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे, जो किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधीक्षक, नोडल अधिकारी और पुलिस चौकी को देंगे।

राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी के तहत इस प्रोजेक्ट पर 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। लंबे समय से अधूरे पड़े इस सिस्टम को अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने पद संभालने के बाद गंभीरता से आगे बढ़ाया है। आईटी उपनिदेशक पंकज छींपा और एसीपी महेश आचार्य से चर्चा कर योजना को अंतिम रूप दिया गया है। बीएसएनएल की टीम कैंपस का सर्वे कर चुकी है। उनकी सलाह के अनुसार कंट्रोल रूम में जल्द ही बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी और अधिकांश तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं।

ओपीडी के बाद कैमरे बंद करने की समस्या भी खत्म
अब कैमरों का एक्सेस एचओडी कक्षों के साथ कंट्रोल रूम में भी रहेगा। पहले ओपीडी समय खत्म होने पर स्टाफ एमसीबी ऑफ कर देता था, जिससे कैमरे बंद हो जाते थे। सेंट्रलाइज्ड सिस्टम लागू होने के बाद यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।