



नोखा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 हजार लीटर अवैध बायो-डीजल जब्त,एक आरोपी गिरफ्तार,गाड़ी व एक लाख रुपये नकद बरामद
दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर रेंज के आईजी हेमन्त शर्मा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध पेट्रोलियम और बायो-डीजल की खरीद-फरोख्त एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को नोखा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक बीकानेर कावेन्द्र सागर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कैलाश सिंह सांदू के सुपरविजन में वृताधिकारी नोखा हिमांशु शर्मा एवं थानाधिकारी नोखा अरविन्द कुमार पुनि की टीम ने रासीसर के तालरिया बास क्षेत्र में छापा मारकर एक योद्धा वाहन (आरजे 50 जीए 2267) से बायो-डीजल परिवहन करते हुए आरोपी रुपाराम बिश्नोई पुत्र हडमान बिश्नोई (32) निवासी काकड़ा, थाना जसरासर, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया। वाहन में टैंक, नोजल, पंप सेट (मीटर) सहित बड़ी मात्रा में बायो-डीजल भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने वाहन के साथ बायो-डीजल विक्रय की राशि एक लाख रुपये भी जब्त किए।
आरोपी से की गई गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि बायो-डीजल बीकासर रीको क्षेत्र से लाया जा रहा था। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बीकासर रीको स्थित एक भूखंड पर छापा मारकर वहां बनी चारदीवारी के अंदर अंडरग्राउंड स्टोरेज टैंकों की जांच की। तीन टैंकों में लगभग 30 हजार लीटर बायो-डीजल भरा हुआ पाया गया। रसद विभाग और वृताधिकारी नोखा की मौजूदगी में सैम्पलिंग की गई तथा संपूर्ण माल जब्त कर लिया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक तनसुखराम, सउनि टीकूराम, हैडकांस्टेबल नत्थाराम, कांस्टेबल गणेश, खुशराज और महेन्द्र की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

