बीकानेर में पकड़ा गया दुष्कर्मी,पति के एक्सीडेंट का झांसा देकर विवाहिता से एक महीने तक किया दुष्कर्म

नागौर बीकानेर राजस्थान

बीकानेर में पकड़ा गया दुष्कर्मी,पति के एक्सीडेंट का झांसा देकर विवाहिता से एक महीने तक किया दुष्कर्म

दैनिक खबरां,बीकानेर। नागौर जिले के मेड़ता उपखंड में विवाहिता से दुष्कर्म करने वाला आरोपी दो महीने की फरारी के बाद आखिरकार बीकानेर में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी श्रवण राम जाट को बीकानेर के जामसर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। इस शातिर ने विवाहिता को उसके पति के सड़क हादसे की झूठी खबर देकर अपने साथ ले गया और एक महीने तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।

मामला तब शुरू हुआ जब शेखासनी निवासी श्रवण राम जाट विवाहिता के घर पहुंचा, उस वक्त वह अकेली थी। आरोपी ने कहा कि उसके पति का गंभीर एक्सीडेंट हो गया है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। घबराई महिला उसके साथ चल पड़ी, लेकिन यह पूरी कहानी उसकी साजिश थी। आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां एक कमरे में बंद कर उसने बार-बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।

करीब एक महीने बाद मौका पाकर पीड़िता आरोपी के चंगुल से भाग निकली और घर पहुंचकर ससुरालजनों को पूरी वारदात बताई। उसी रात आरोपी फिर घर पहुंचा और जातिसूचक गालियां व धमकियां देकर डराने की कोशिश की। शिकायत पर मेड़ता पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश में विशेष टीम गठित की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बीकानेर के जामसर इलाके से आरोपी श्रवण राम पुत्र भूराराम जाट (निवासी शेखासनी, थाना गोटन, हाल महादेव नगर, मेड़ता रोड) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने विवाहिता को पति के एक्सीडेंट का झांसा देकर अपने साथ भगाया और “दरबार धाम” के बहाने एक महीने तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।