बीकानेर संभाग से खबर:अब इस व्यापारी को गैंगस्टर नें वॉइस मैसेज भेजकर मांगी फिरौती,”कुचामन जैसी वारदात” की दी धमकी..
दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर संभाग में एक बार फिर से गैंगस्टर द्वारा फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। चूरू जिले में एक कारोबारी को वॉयस मैसेज के जरिए रंगदारी की धमकी दी गई है। इस संबंध में पीड़ित ने गैंगस्टर वीरेंद्र चारण के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है।
कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि वार्ड 57 निवासी अलाउद्दीन खान, जो सब्जी और प्रॉपर्टी का व्यवसाय करते हैं, को 24 अक्टूबर की शाम उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक विदेशी नंबर से कॉल और मैसेज आए। इसके बाद मिले 26 सेकंड के वॉयस मैसेज में आरोपी वीरेंद्र चारण की आवाज पहचानी गई।
धमकी भरे इस संदेश में आरोपी ने अलाउद्दीन खान को कॉल नहीं करने पर “कुचामन जैसी वारदात” होने की चेतावनी दी। संदेश में एक पुराने हत्याकांड का हवाला देते हुए वैसा ही अंजाम भुगतने की बात कही गई।
पीड़ित ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। वर्ष 2024 में भी आरोपी वीरेंद्र चारण ने उनसे 50 लाख रुपए की मांग की थी। इनकार करने पर जान से मारने और उनके बेटे को जयपुर से उठा ले जाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया था। अलाउद्दीन खान ने बताया कि वर्ष 2021 में भी दिनेश डागर नामक व्यक्ति ने उनसे फिरौती मांगी थी, जिसका मामला दर्ज है। लगातार मिल रही धमकियों से उनका परिवार भय के माहौल में है और घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

