शिक्षा विभाग का नया आदेश, अब सरकारी स्कूलों में मिलेगा गौमाता का दूध
जयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले लगभग 70 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स को नए सत्र से हर दिन फ्री गाय का दूध देने का फैसला किया है। इससे पहले पाउडर का दूध दिया जा रहा था। शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। ऐसे में जो भी विद्यार्थी स्कूल जाएगा। उसे सप्ताह में 6 दिन सोमवार से शनिवार फ्री गाय दूध उपलब्ध करवाया जाएगा।
कार्यालय निदेशक माध्यमिक शिक्षा विभाग अशोक कुमार आसीजा ने सभी जिला और ब्लॉक कार्यालयों को आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि राजकीय और गैर राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों पर बोझ कम करने के लिए पाउडर वाले दूध के स्थान पर गाय का दूध सप्लाई करवाया जाए। इसके साथ ही स्कूलों में स्वच्छता अभियान और शौचालयों में नियमित साफ सफाई रखने को लेकर अतिरिक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने आदेश जारी कर दिए हैं।
दरअसल, राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बाल गोपाल योजना के तहत कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को 150 मिली लीटर और कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को 200 मिली लीटर मिल्क पाउडर से बना दूध प्रार्थना सभा के बाद दिया जाता था। अब बीजेपी सरकार ने पाउडर की जगह गाय का दूध देने का फैसला किया है। इसके तहत स्कूलों में राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन की मदद से दूध पहुंचाया जाएगा। इस योजना में दूध वितरण की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन समिति की रहेगी। जबकि दूध की गुणवत्ता फेडरेशन और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) द्वारा जांची जाएगी।
बता दें कि राजस्थान में बाल गोपाल योजना के तहत मिड-डे मील से जुड़े जिले के प्राइमरी विद्यालय, मदरसों और विशेष प्रशिक्षण केन्द्रों पर राज्य सरकार की ओर से दूध उपलब्ध करवाया जाता है। राजस्थान में फिलहाल कक्षा आठवीं तक पढ़ने वाले स्कूली छात्रों की संख्या 70 लाख 20 हजार के आसपास है। इनमें 34 लाख 81 हजार छात्र हैं। जबकि 35 लाख 32 हजार छात्राएं शामिल हैं। अकेले जयपुर जिले में तीन लाख 40 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स इस योजना में शामिल है।
स्कूलों में हर दिन अलग भोजन
फिलहाल मिड डे मील योजना के तहत स्कूलों में हर दिन मेन्यू के हिसाब से भोजन मिलता है। सोमवार को सब्जी रोटी, मंगलवार को दाल चावल, बुधवार को दाल रोटी, नमकीन चावल और सब्जी युक्त खिचड़ी, शुक्रवार को दाल रोटी, शनिवार को सब्जी रोटी खिलाई जाती है। इसके अलावा स्टूडेंट्स को सप्ताह में एक दिन मौसमी फल भी खिलाते हैं।

