श्मशान भूमि के पास बदमाशों ने दो ज्वेलर्स भाइयों से लूटी लाखों की ज्वेलरी…
सीकर के उद्योग नगर इलाके में शनिवार रात को दो ज्वैलर भाइयों से लूट की वारदात हो गई है। दोनों भाई अपनी दुकान बंद करने के बाद घर पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने मारपीट कर 10 से 15 लाख रुपये का माल लूट लिया।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार भादवासी रोड पर श्मशान भूमि के घुमाव पर लूट की वारदात हुई। मारपीट में दोनों भाई घायल हो गए। घायल अंकित सोनी ने बताया कि पांच बदमाश कार से आए और उनकी गाड़ी के सामने कार खड़ी कर दी। इसके बाद उन्होंने अंकित की गाड़ी पर पत्थर से हमला कर दिया और डंडों से दोनों भाई से मारपीट की।
अंकित ने बताया कि उनके पास चांदी, 100 ग्राम सोना और दुकान की नगदी थी, जिसे बदमाश छीनकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी भी करवाई। थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया कि कुछ संदिग्धों को पकड़ा है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।

