बदमाशों ने हॉस्पिटल में की तोड़फोड़, गेट कूदकर अंदर घुसे, स्टाफ के साथ की मारपीट; मालिक का आरोप- एक पुलिस अधिकारी ने करवाया नुकसान

जयपुर राजस्थान राज्य

बदमाशों ने हॉस्पिटल में की तोड़फोड़, गेट कूदकर अंदर घुसे, स्टाफ के साथ की मारपीट; मालिक का आरोप- एक पुलिस अधिकारी ने करवाया नुकसान

जयपुर। जयपुर के एक हॉस्पिटल में घुसकर बदमाशों ने तोड़फोड़ और मारपीट की। हॉस्पिटल का मुख्य गेट कूदकर अंदर घुसे बदमाशों ने स्टाफ के साथ मारपीट की। हंगामा होने पर लोगों को इकट्ठा होते देख बदमाश फरार हो गए। पूरी घटना हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। ​​​​​​घटना के बाद हॉस्पिटल के मालिक ने ​कानोता थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें एक पुलिस अधिकारी पर आरोप लगाए हैं।

ASI वेदप्रकाश ने बताया कि जोरावर सिंह गेट सुभाष चौक निवासी डॉ. सोमनाथ शर्मा (43) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आगरा रोड पर बगराना में उनका जय गणपति नाम से हॉस्पिटल है। शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे 5-6 बदमाशों ने हॉस्पिटल पर पत्थर फेंके। फिर बदमाश मुख्य गेट कूदकर हॉस्पिटल के अंदर घुस आए। बदमाशों ने हॉस्पिटल के कांच के गेट को पत्थर मारकर तोड़ दिए।

स्टाफ के विरोध करने पर मारपीट की

स्टाफ के विरोध करने पर उनके साथ जमकर मारपीट की। हंगामा मचने पर हॉस्पिटल स्टाफ के साथ मरीजों के परिजनों के इकट्ठा होने पर बदमाश वहां से भाग निकले। हॉस्पिटल में लगे CCTV फुटेज में बदमाशों की करतूत कैद हो गई।

हॉस्पिटल मालिक का आरोप- पुलिस अधिकारी को शराब पीने के लिए मना किया था

हॉस्पिटल ऑनर डॉ. सोमनाथ शर्मा ने बताया- कानोता थाने की एक पुलिस अधिकारी अपने साथी के साथ हॉस्पिटल के बाहर कार में बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। हॉस्पिटल के सिक्योरिटी गार्ड ने काफी समय से खड़ी कार को देखकर उसमें बैठे दोनों लोगों को जाने की कहा। गुस्से में पुलिस अधिकारी व उसके साथी ने असामाजिक तत्वों को बुलाकर हॉस्पिटल में तोड़फोड़ करवाई है। हॉस्पिटल में तोड़फोड़ से करीब 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। कानोता थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।