बीकानेर : सड़क किनारे खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी में मिली युवक-युवती की लाश, शीशे तोड़कर निकाले शव
बीकानेर। सड़क किनारे खड़ी एक फॉच्र्यूनर गाड़ी में युवक-युवती की लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ में रविवार को कार तौलियासर मंदिर से पहले कांकड़ भैरुजी मंदिर के पास खड़ी थी। काफी समय से खड़ी गाड़ी को शाम पांच बजे के करीब राहगीरों ने संभाला तो इसमें एक युवक और युवती को देखा। दोनों में कोई हरकत नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को हिलाया-डुलाया लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। इस पर कार के शीशे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। दोनों बेहोश स्थिति में थे तो इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कार हरियाणा नंबर की है और गुडग़ांव में रजिस्टर्ड है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को कार की छानबीन में एक आधार कार्ड मिला है। जिसके आधार पर परिजनों से बातचीत की जा रही है। श्रीडूंगरगढ़ में सड़क किनारे खड़ी फॉर्च्यूनर कार में मृत मिली युवती प्रियंका (23) भिरानी (हनुमानगढ़) थाना क्षेत्र के नीनान गांव की रहने वाली थी। वह बीकानेर में कृषि पर्यवेक्षक की परीक्षा देने के लिए युवक संदीप पालाराम महरिया (40) निवासी साहुवाला भादरा के साथ आई थी। दोनों के गांव पास-पास हैं। दोनों दूर के रिश्ते में जीजा-साली हैं। इंटरनेट पर कुछ सोशल साइट्स पर इन नंबर को चैक करने पर गुडग़ांव में संदीप कुमार के नाम से रजिस्टर्ड बताई जा रही है। जिसमें वो सवारियों को लाने ले जाने का काम करता था। उसके या आसपास के गांव में किसी के भी बीकानेर या बाहर एग्जाम होता है तो वो संदीप की कार ही ले जाते हैं। रविवार को भी दोनों एग्जाम के लिए बीकानेर आए थे। वापस लौटते समय दोनों की कार में मौत कैसे हुई? इसकी जांच हो रही है। बताया जा रहा कि संदीप और प्रियंका दोनों रिश्ते में साली व बहनोई है। संदीप विवाहित है और प्रियंका उसके मामा ससुर की बेटी है। प्रियंका कृषि पर्यवेक्षक का एग्जाम देने के लिए निकली थी। दोनों यहां कैसे पहुंचे? इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों की मौत का कारण भी स्पष्ट नहीं हुआ है। मृतकों का अभी पोस्टमार्टम होना है। इस बीच आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने कोई जहरीला पदार्थ लिया है। इसी कारण दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने कार को पूरी तरह चैक किया है और संदेहास्पद सामग्री को भी अपने कब्जे में लिया है।

