बीकानेर कोर्ट परिसर में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, चाय की थड़ियां व ठेले जब्त
बीकानेर,दैनिक खबरां। लंबे समय से मिल रही शिकायतों और जिला कलेक्टर के निर्देशों के बाद मंगलवार को बीकानेर कोर्ट परिसर में व्यापक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की गई। पार्किंग क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर लगे चाय की थड़ियों, ठेलों व अन्य अवैध स्टॉलों को हटाया गया। कई लोगों ने कार्रवाई शुरू होने से पहले ही अपने स्टॉल स्वयं हटा लिए।
कार्रवाई के दौरान बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक शर्मा, बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव कुलराज मीणा, और सतर्कता प्रभारी प्रदीप चारण टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। टीम ने परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए अवैध रूप से लगे ढांचों को हटवाया और जगह को सुचारु यातायात व पार्किंग के लिए खाली करवाया।
बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर में अव्यवस्था, भीड़भाड़ और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। विशेष रूप से क्षेत्र में नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

