सिद्धू मुसेवाला हत्याकांड : पंजाब पुलिस की सख्ती के आगे लॉरेंस उगल रहा राज, विस.चुनाव के समय रची गई साजिश!
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में चल रहे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ के लिए पुलिस ने अब सख्ती करनी शुरू कर दी है। इसके बाद लॉरेंस बिश्नोई अब पुलिस के अधिकांश सवालों के जवाब तोते की तरह दे रहा है। अब तक की गई पूछताछ में लॉरेंस बिश्नोई ने मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गोल्डी बराड़ का कनाडा का पता बताया है। साथ ही यह भी जानकारी दी है कि बराड़ के साथ और कौन-कौन कनाडा में रहते हैं।
29 मई को मूसेवाला की हत्या हुई थी। इसकी जिम्मेदारी कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी। इस मामले में पंजाब पुलिस हाल ही में तिहाड़ जेल में बंद गैगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब लेकर आई है। इस समय मोहाली के सीआईए स्थित कार्यालय में लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ की जा रही है।
हालांकि वह पुलिस को पूरा सहयोग नहीं कर रहा है लेकिन अब लॉरेंस के रवैये को देखते हुए पंजाब पुलिस ने प्लान बी (सख्ती) पर काम करना शुरू कर दिया है। इसके बाद गैंगस्टर अब पुलिस के अधिकांश सवालों का जवाब दे रहा है। अब तक गैंगस्टर लॉरेंस ने साथी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के कनाडा में ठिकानों की जानकारी दे दी है। पुलिस ने लॉरेंस की बताई जानकारी के अनुसार जांच शुरू कर दी है।
यह भी खुलासा हुआ है कि मूसेवाला की पंजाब विधानसभा चुनाव के समय जनवरी में ही कत्ल करने की साजिश रचनी शुरू हो गई थी। तब चार लोग मानसा के गांव रल्ला में ठहरे थे। ये चारों शार्प शूटर हो सकते हैं। पुलिस ने इन्हें ठहराने वाले गैंगस्टर मनमोहन सिंह मोहना को भी प्रोडक्शन वारंट पर लिया है।

