लॉरेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा गैंग का गुर्गा हथियार सहित पकड़ा, पांव टूटा
जोधपुर। राज्य में खासकर जोधपुर में पंजाब के कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई व रोहित गोदारा के शूटरों के आने की सूचना के बीच जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने लॉरेंस के एक गुर्गे को पकड़ने में सफलता हासिल की। जिला विशेष टीम डीएसटी ग्रामीण और खेड़ापा थाना पुलिस ने रविवार शाम बावड़ी में एक मकान में दबिश देकर लॉरेंस के गुर्गे को दबोच लिया। दीवार फांदने कर भागने के प्रयास में उसका एक पांव टूट गया। उससे एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और अफीम जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की क्राइम ब्रांच को लॉरेंस बिश्नोई व रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हनुमानगढ़ निवासी भैरूसिंह के जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इस आधार पर डीएसटी को सक्रिय किया गया। उसकी बावड़ी में लोकेशन मिली। जो एक मकान में था। हथियारों से लैस कमाण्डो के साथ डीएसटी ने बावड़ी में मकान की घेराबंदी की। तस्दीक के बाद पुलिस ने किराए के कमरे में छापा मारा, लेकिन पुलिस को देख भैरूसिंह भागने लगा। उसने पास ही मकान की दीवार फांदी और भागने का प्रयास किया। इस प्रयास में उसका एक पांव चोटिल हो गया। पीछा कर रही पुलिस ने भैरूसिंह को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, 100 ग्राम अफीम जब्त की गई। खेड़ापा थाने में आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। घायलावस्था में उसे बावड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में उसके पांव में फ्रैक्चर होने का पता लगा। प्लास्टर करवाने के बाद उसे थाने लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है।

